कॉमेडियन सुनील पाल ने सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ पर तीखा हमला बोला है। यह प्रतिक्रिया उस समय आई जब सलमान ने हाल ही में शो के एक एपिसोड में ट्रोलर्स को करारा जवाब देते हुए अपनी टी-शर्ट उतार दी थी। सलमान ने प्रेगनेंसी के बाद बदले शरीर को लेकर ट्रोल की जा रही कैटरीना कैफ का बचाव करते हुए कहा था कि वह जब चाहेंगी अपने पुराने रूप में वापस आ जाएंगी। इसके अलावा सलमान ने पैपराजी को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा था कि महिलाओं को अनुचित तस्वीरें खींचने वाले फोटोग्राफर को थप्पड़ मारने का पूरा हक है।
सुनील पाल ने सलमान की इन बातों को सिरे से खारिज करते हुए शो को ‘गटर शो’ करार दिया और कहा कि सलमान को नैतिकता का पाठ पढ़ाने का कोई हक नहीं है, जब तक वह खुद इस शो की मेजबानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिग बॉस एक ऐसा मंच है जहां असभ्य प्रतिभागियों को स्टार बना दिया जाता है। उनके शब्दों में, चाहे सलमान खान हों या कोई अन्य प्रतिभागी, समाज के पतन के लिए जिम्मेदार ‘छपरिये’ इस शो के जरिए स्टार बना दिए जाते हैं।
सुनील पाल ने शो के नाम पर भी तंज कसते हुए इसे ‘बिग बांस’ (यानी बदबू) कहा और मांग की कि इस ‘गटर शो’ को तुरंत बंद कर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सलमान खान पिछले 17 सालों से इस तथाकथित संस्कारी शो की मेजबानी कर रहे हैं, जिसमें एक से बढ़कर एक विवादित लड़के-लड़कियां आते हैं। उन्होंने सलमान पर सुविधा के हिसाब से बयान और रुख बदलने का आरोप भी लगाया और कहा कि जब तक शो की शूटिंग बंद नहीं होगी, तब तक सलमान की बातें शोभा नहीं देंगी। उन्होंने बिग बॉस को दुनिया का सबसे कलंकित शो भी बता दिया।
हनुमान अंश की सफलता पर भी की टिप्पणी
सुनील पाल ने नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की अप्रत्याशित बॉक्स ऑफिस सफलता का जिक्र करते हुए शाहरुख खान, सलमान खान और अक्षय कुमार जैसे बड़े सितारों को इससे सीख लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सलमान खान को दर्शकों और मीडिया ने स्टार बनाया है, न कि सलमान ने उन्हें बनाया। उन्होंने आगे कहा कि सलमान और शाहरुख जैसे बड़े कलाकारों को अब सबक लेने की जरूरत है क्योंकि सिर्फ 2 करोड़ रुपये में बनी ‘हनुमान अंश’ ने 500 करोड़ रुपये कमाए, जबकि 500 करोड़ रुपये में बनी फिल्में 50 करोड़ रुपये भी नहीं कमा पा रहीं। उन्होंने इसे शर्मनाक बताया और कहा कि बड़े सितारों ने कॉरपोरेट लेबल और इंडस्ट्री खरीद ली है, जिससे छोटे लोग फिल्म नहीं बना पा रहे, जबकि ‘हनुमान अंश’ की सफलता भगवान हनुमान और नीम करौली बाबा की कृपा से हुई है।
गौरतलब है कि बिग बॉस 20 के वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने कैटरीना कैफ की प्रेगनेंसी के बाद वजन और लुक को लेकर हो रही आलोचना का बचाव करते हुए कहा था कि बच्चे के जन्म के बाद वजन बढ़ना बिल्कुल स्वाभाविक है। उन्होंने ट्रोलर्स से भी सवाल किया कि जो लोग खुद अपनी शक्ल से परेशान रहते हैं, उन्हें दूसरों के शरीर पर टिप्पणी करने का हक कैसे मिल जाता है। सलमान ने अपनी उम्र को लेकर हो रही ट्रोलिंग का भी जिक्र करते हुए कहा कि वह अब 60 साल के हो गए हैं और हमेशा ‘मैंने प्यार किया’ वाले जमाने में नहीं रह सकते।
Source: Abp News